DSR रायगढ़ पुलिसब्रेकिंग न्यूज़रायगढ़

ऑपरेशन अंकुश के तहत SSP शशि का बड़ा वार : IPL फाइनल पर चल रहे करोड़ों के ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट का भंडाफोड़, 31.99 लाख नकद जब्त…दो सटोरिये शुभम और गगन अग्रवाल गिरफ्तार , तीन फरार आरोपियों की तलाश जारी..

रायगढ़, 01 जून 2026। आईपीएल फाइनल मैच की आड़ में संचालित हो रहे ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा कारोबार पर रायगढ़ पुलिस ने एक और बड़ा प्रहार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत साइबर थाना और खरसिया पुलिस की संयुक्त टीम ने खरसिया में सक्रिय एक संगठित सट्टा सिंडिकेट का पर्दाफाश करते हुए 31 लाख 99 हजार 700 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और एक नोट गिनने की मशीन जब्त की है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि खरसिया के गंज बाजार क्षेत्र में आईपीएल फाइनल मुकाबले पर बड़े पैमाने पर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से अलग-अलग टीमों का गठन कर एक साथ दबिश दी। कार्रवाई के दौरान गगन अग्रवाल और शुभम अग्रवाल उर्फ कालू को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने की बात स्वीकार की और अपने अन्य साथियों के नाम भी उजागर किए। जांच के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे रिकेश राय, अर्जुन राठौर और साहिल अग्रवाल के साथ मिलकर पूरे सट्टा नेटवर्क का संचालन कर रहे थे। पुलिस को आरोपियों के मोबाइल फोन से ऑनलाइन सट्टेबाजी से जुड़े तकनीकी साक्ष्य भी प्राप्त हुए हैं।

पुलिस टीम जब आरोपियों की निशानदेही पर गोपाल राइस मिल कॉलोनी स्थित साहिल अग्रवाल के घर पहुंची, तब वह पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गया। हालांकि वह अपने पीछे दो बैग और नोट गिनने की मशीन छोड़ गया। गवाहों की मौजूदगी में बैगों की तलाशी लेने पर उनमें से 31.99 लाख रुपये नकद बरामद हुए। इतनी बड़ी रकम के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके, जिसके बाद पुलिस ने पूरी राशि जब्त कर ली।

प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी संगठित गिरोह बनाकर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालन कर रहे थे। इस आधार पर सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ राज्य जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112(2) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी गगन अग्रवाल का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और इसी वर्ष मार्च माह में ऑनलाइन सट्टा प्रकरण में उसके विरुद्ध कार्रवाई की जा चुकी है।

एसएसपी शशिमोहन सिंह का सख्त संदेश

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा है कि “ऑपरेशन अंकुश के तहत ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। इस अवैध कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”

advertisement advertisement advertisement advertisement advertisement
Back to top button
error: Content is protected !!