नकली शराब सिंडिकेट पर पुलिस का कसता जा रहा है शिकंजा.. फरार “सिंडिकेट सरगना विनय सिंह ठाकुर” के घर बड़ी संख्या में पुलिस ने दी दबिश..मौके पर आईपीएस मयंक मिश्रा समेत पुलिस के आला अफसर मौजूद..3 दिन की मोहलत के साथ चस्पा किया नोटिस..

रायगढ़। जिले में चर्चित नकली शराब निर्माण और तस्करी मामले में पुलिस ने फरार मुख्य आरोपी विनय सिंह ठाकुर की तलाश तेज कर दी है। सोमवार को रायगढ़ पुलिस ने भारी पुलिस बल के साथ आरोपी के निवास पर दबिश दी।

इस दौरान CSP मयंक मिश्रा सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। पुलिस ने फरार आरोपी के घर पर विधिवत नोटिस चस्पा करते हुए उसे तीन दिनों के भीतर थाना में उपस्थित होने का अंतिम अल्टीमेटम दिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज है और पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही है।
गौरतलब है कि इस बहुचर्चित मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों पप्पू पटेल और सुभाष पटेल को गिरफ्तार कर चुकी है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद वर्तमान में न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। सूत्रों के अनुसार जांच एजेंसियां विनय सिंह ठाकुर को नकली शराब बनाने और उसके अवैध कारोबार से जुड़े सिंडिकेट का मुख्य सरगना मान रही हैं। पुलिस का मानना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद इस पूरे नेटवर्क से जुड़े कई महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह के निर्देश पर कोतरारोड थाना पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि निर्धारित अवधि में आरोपी उपस्थित नहीं होता है तो उसके विरुद्ध आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
नकली शराब प्रकरण में लगातार हो रही गिरफ्तारियों और पुलिसिया दबिश से यह स्पष्ट है कि पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने के प्रयास में जुटी हुई है। फरार सरगना विनय की तलाश को लेकर पुलिस की सक्रियता ने मामले को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है।




