प्रेस-विज्ञप्तिरायगढ़

रायगढ़ आर्थो एण्ड जनरल हॉस्पिटल की अभिनव पहल : विश्व सिकल सेल दिवस पर निःशुल्क जांच शिविर.. डॉ मल्लिका अग्रवाल ने की 21 लोगों की स्क्रीनिंग…

रायगढ़। विश्व सिकल सेल दिवस के अवसर पर रायगढ़ आर्थो एण्ड जनरल हॉस्पिटल में शुक्रवार को निःशुल्क सिकल सेल जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य लोगों को सिकल सेल रोग के प्रति जागरूक करना, समय पर जांच के महत्व को बताना तथा अधिक से अधिक लोगों को स्क्रीनिंग के लिए प्रेरित करना था।

शिविर के दौरान डॉ. मल्लिका अग्रवाल ने उपस्थित लोगों को सिकल सेल रोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सिकल सेल एक आनुवंशिक रक्त विकार है, जो जेनेटिक म्यूटेशन के कारण एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी में स्थानांतरित होता है। यदि माता-पिता दोनों में सिकल सेल की स्थिति हो तो बच्चों में इस बीमारी की संभावना बढ़ जाती है। वहीं माता या पिता में से किसी एक के प्रभावित होने पर भी बच्चों में इसके होने की आशंका बनी रहती है। ऐसे में समय पर जांच कराना अत्यंत आवश्यक है।

डॉ. अग्रवाल ने बताया कि इस रोग में शरीर की लाल रक्त कोशिकाएं सामान्य गोल आकार के बजाय हंसिया अथवा अर्धचंद्राकार हो जाती हैं। इससे रक्त और ऑक्सीजन का प्रवाह प्रभावित होता है, जिसके कारण मरीज को बार-बार दर्द, कमजोरी और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में सिकल सेल रोग के मामले अपेक्षाकृत अधिक पाए जाते हैं। इसलिए जागरूकता, शुरुआती पहचान और नियमित जांच इस बीमारी की रोकथाम एवं प्रभावी प्रबंधन के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। विश्व सिकल सेल दिवस का उद्देश्य भी लोगों को इस बीमारी के प्रति जागरूक करना, स्क्रीनिंग को बढ़ावा देना तथा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। शिविर के समापन पर डॉ. मल्लिका अग्रवाल ने बताया कि निःशुल्क जांच शिविर में कुल 21 लोगों ने सिकल सेल जांच कराई। हॉस्पिटल प्रबंधन ने भविष्य में भी जनजागरूकता और स्वास्थ्य सेवा से जुड़े ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई।

advertisement advertisement advertisement advertisement advertisement
Back to top button
error: Content is protected !!