बंदी संजय बघेल की मौत की होगी निष्पक्ष जांच, दोषी बख्शे नहीं जाएंगे : एसएसपी शशिमोहन सिंह

रायगढ़। जिला जेल में निरुद्ध बंदी संजय बघेल की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने पुलिस प्रशासन का स्पष्ट रुख सामने रखा है। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच सुनिश्चित की जाएगी तथा जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
एसएसपी शशिमोहन ने आम जनता और मृतक के परिजनों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि मामले की न्यायिक जांच की प्रक्रिया जारी है। ऐसे में जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच संबंधी तथ्यों के सामने आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का स्पष्ट रूप से पता चल सकेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रत्येक पहलू की गहनता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य और जिम्मेदारियां सामने आएंगी, उनके अनुसार आगे की कार्रवाई पूरी निष्पक्षता और कानून के दायरे में की जाएगी। एसएसपी ने भरोसा दिलाया कि मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए हर आवश्यक कदम उठाया जाएगा और न्याय सुनिश्चित करने में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाएगी।




