रायगढ़ पुलिस का ऑपरेशन “आघात” जारी ! रायगढ़ में नकली शराब सिंडिकेट पर पुलिस का दूसरा बड़ा प्रहार..: सिंडिकेट का अहम खिलाड़ी सुभाष पटेल गिरफ्तार..फार्म हाउस से नकली शराब फैक्ट्री का सामान बरामद..लेकिन “सिंडिकेट सरगना विनय सिंह ठाकुर” अब भी फरार..

रायगढ़, 11 जून। रायगढ़ जिले में वर्षों से जड़ें जमा चुके नकली शराब के संगठित काले कारोबार पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी सुभाष चन्द्र पटेल को उसके जोरापाली स्थित फार्म हाउस से गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि पूरे सिंडिकेट का कथित सरगना विनय सिंह ठाकुर अभी भी पुलिस गिरफ्त से बाहर है, जिसे लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हैं।

दो दिन पहले धनागर में पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त कार्रवाई में नकली शराब के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ था। मौके से लगभग 240 लीटर नकली शराब, सैकड़ों बोतलें, फर्जी होलोग्राम, ढक्कन, स्प्रिट और अन्य सामग्री बरामद की गई थी। उस कार्रवाई में एक आरोपी गिरफ्तार हुआ था, जबकि सुभाष पटेल और विनय सिंह ठाकुर फरार हो गए थे।
फार्म हाउस बना रखा था नकली शराब का अड्डा
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी सुभाष पटेल ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। आरोपी के अनुसार गिरोह फार्म हाउस में शराब का भंडारण करता था, उसमें स्प्रिट मिलाकर मात्रा बढ़ाई जाती थी और फिर फर्जी होलोग्राम एवं नकली लेबल लगाकर उसे असली ब्रांडेड शराब के रूप में बाजार में खपाया जाता था।इतना ही नहीं, स्प्रिट मिलाने से शराब का रंग हल्का पड़ जाने पर उसमें चायपत्ती का रंग मिलाकर उसे असली शराब जैसा बनाया जाता था। इसके बाद कोचियों के माध्यम से जिले और आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई की जाती थी।
पुलिस ने जब्त किया पूरा सेटअप
सुभाष पटेल की निशानदेही पर पुलिस ने उसके फार्म हाउस से गैस सिलेंडर, गैस चूल्हा, एल्यूमिनियम डेगची तथा बड़ी संख्या में खाली शराब की बोतलें बरामद की हैं। जांच एजेंसियों का मानना है कि यही स्थान नकली शराब तैयार करने और पैकिंग का प्रमुख केंद्र था।
बड़ा सवाल : आखिर कब गिरफ्तार होगा विनय सिंह ठाकुर ?
इस पूरे मामले में सबसे बड़ा प्रश्न अब भी अनुत्तरित है। पुलिस जांच और गिरफ्तार आरोपियों के बयान लगातार विनय सिंह ठाकुर की भूमिका की ओर इशारा कर रहे हैं, लेकिन नकली शराब बनाने वाले गिरोह का यह कथित सिंडिकेट सरगना तक कानून की पकड़ से दूर है। जिले की जनता अब यह जानना चाहती है कि आखिर इस संगठित अवैध कारोबार का संचालन करने वाले मुख्य आरोपी तक पुलिस कब पहुंचेगी । नकली शराब केवल अवैध व्यापार नहीं बल्कि आम लोगों के जीवन से खिलवाड़ करने वाला गंभीर अपराध है। ऐसे में इस नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने और इसके कथित सरगना की गिरफ्तारी को लेकर जन अपेक्षाएं बढ़ गई हैं।
एसएसपी का स्पष्ट संदेश
रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया है कि शराब और अन्य मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी तथा फरार आरोपियों को भी जल्द कानून के दायरे में लाया जाएगा।
अब पूरे जिले की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि नकली शराब सिंडिकेट के कथित सरगना विनय सिंह ठाकुर की गिरफ्तारी कब होती है ..? और इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य चेहरे कब बेनकाब होते हैं..?




