रायगढ़। अमृत मिशन योजना के तहत 24 घण्टे जल आपूर्ति का था दावा…लेकिन हकीकत में आधे शहर में शॉर्ट सप्लाई… जूटमिल क्षेत्र सबसे ज्यादा प्रभावित

रायगढ़। अमृत मिशन के तहत निगम क्षेत्र में २४ घंटे जल आपूर्ति का दावा किया गया था, लेकिन हकीकत में यह दावा महज कागजों तक ही सीमित नजर आ रहा है। आलम यह है कि पहले सुबह दो घंटा और शाम को एक घंटा पानी आपूर्ति होता है, लेकिन अब यह भी तय नहीं है कि पानी कितने घंटे मिलेगा। कभी एक तो कभी डेढ़ घंटा ही पानी की आपूर्ति हो रही है। जूटमिल क्षेत्र में इससे भी कम समय तक पानी की आपूर्ति हो रही है। इससे लोग परेशान हो रहे हैं।
अमृत मिशन योजना के तहत शहर में पानी आपूर्ति करने के लिए करोड़ों रुपए खर्च किए गए हैं। इसके बाद भी कई ऐसे क्षेत्र हैं जहां लोगों को पानी के लिए मशक्कत करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा जूटमिल क्षेत्र के लोगों को झेलना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों की माने तो पिछले कुछ वर्षों से उन्हें पानी की समस्या लगातार झेलना पड़ रहा है। इसके पीछे कारण यह है कि अमृत मिशन के तहत यहां काम ही पूरा नहीं हुआ है। शहर के जूटमिल क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 29, 30, 31, 32, 33 सहित अगर बाकी वार्डों पर गौर करें तो यहां लंबे समय से पानी की समस्या बनी हुई है जहां के अधिकांश घरों के नलों में आने वाली पानी की धार पतली ही रही। हालांकि पानी आ रहा था, लेकिन पिछले कुछ दिनों से पानी आपूर्ति का समय आधा घंटा से भी कम है। कई बार यह स्थिति बनती है कि नल में कब पानी आता है और कम नलों की टोंटी सूख जाती है यह लोगों को पता ही नहीं चलता। कुल मिलाकर यह कहा जा रहा है कि औसत 25 से 35 मिनट तक ही पानी की आपूर्ति होती है। इस बीच यदि कोई पानी दिनचर्या के लिए स्टोर कर लिया तो ठीक नहीं तो सुबह से ही पानी के लिए भटकना पड़ता है।

पाइप डालने के बाद और बढ़ गई समस्या
वार्ड क्रमांक 30 में रहने वाले लोगों की माने तो पिछले दिनों नगर निगम के द्वारा अमृत मिशन के तहत पानी आपूर्ति करने के लिए यहां पाइप लाइन का विस्तार किया गया है, तब से यह समस्या और भी बढ़ गई है। पाइप लाइन विस्तार के पहले जो आपूर्ति हो रही थी अब वह भी सुचारू रूप से नहीं हो पा रही है। इससे लोगों को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
जल प्रभारी कर चुके हैं शिकायत
जूटमिल क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 31 के पार्षद संजय चौहान है। वहीं इस वार्ड के पार्षद शहर सरकार की एमआईसी में जल प्रभारी है। उनका वार्ड ही पानी नहीं मिलने की समस्या झेल रहा है। इस बात को लेकर प्रभारी के द्वारा नगर निगम के अधिकारियों से शिकायत भी की जा चुकी है, ताकि इस अव्यवस्था को दूर किया जाए। इसके बाद भी समस्या दूर नहीं हो रही है।
यहां भी पानी के लिए लोग परेशान
पानी की समस्या जूटमिल क्षेत्र के लगभग हर वार्डों में बनी हुई है लेकिन इसके वार्ड क्रमांक 30 बाजीराव पारा, मिट्ठुमुड़ा, वार्ड क्रमांक ४१ में यह समस्या थोड़ा ज्यादा ही है।
क्या कहते हैं जल प्रभारी
मेरे स्वयं के वार्ड में पानी की समस्या है। यह समस्या पाइप लाइन विस्तार किए जाने के बाद से बढ़ गई है। विभागीय अधिकारियों के द्वारा दो से तीन दिन के भीतर समस्या दूर किए जाने की बात कही गई है।
संजय चौहान, जल प्रभारी, एमआईसी





