खरसिया में खौफनाक हत्याकांड : एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या से दहला खरसिया.. हत्या के बाद घर में ही सभी लाशों को दफन किए जाने की खबर.. रायगढ़ से रवाना हुई फोरेंसिक टीम..खरसिया में दहशत का माहौल..

खरसिया : खरसिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम ठुसेकेला के राजीव नगर मोहल्ले में एक सनसनीखेज हत्याकांड ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। यह वारदात तहसील कार्यालय से मात्र 3 किलोमीटर की दूरी पर बुधराम पिता चमार सिंह उरांव, के घर में हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उरांव परिवार, जिसमें पति-पत्नी (पति बुधराम एवं सोहद्रा ) और दो बच्चे (अरविंद 12 एवं शिवांगी 3 साल)शामिल हैं, पिछले दो तीन दिनों से लापता है। घर से आने वाली असहनीय बदबू और बंद दरवाजे ने स्थानीय लोगों में संदेह पैदा किया! जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। मौके पर पहुंची खरसिया थाना पुलिस के मुताबिक घर के भीतर कमरे में जगह-जगह खून के छींटे और जमीन में दफनाने के निशान दिखाई दे रहे हैं जो प्रथम दृष्टया एक खौफनाक हत्याकांड की ओर इशारा कर रहे है…जमीन के भीतर कितनी और किसकी लाशें दफन हैं, इसकी जांच के लिए रायगढ़ मुख्यालय से फॉरेंसिक विशेषज्ञों की एक टीम घटनास्थल की ओर रवाना हो चुकी है। पुलिस ने घर को सील कर दिया है और फॉरेंसिक टीम के पहुंचने के बाद ही दरवाजा खोला जाएगा।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक पिछले दो-तीन दिनों से घर का दरवाजा बंद था, जिसके चलते ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थीं। पुलिस इस मामले को लेकर पूरी तरह सतर्क है और घटनास्थल पर मौजूद है। जैसे ही फॉरेंसिक जांच पूरी होगी, इस रहस्यमयी हत्याकांड से जुड़े नए तथ्य सामने आने की उम्मीद है।



