प्रेस-विज्ञप्तिराजनीति

70 साल तक बिरसा मुंडा को भुलाए रखने वाली कांग्रेस आज भाजपा को दे रही है उपदेश – विकास केडिया , कांग्रेस प्रवक्ता के आरोपों पर तीखा पलटवार करते भाजपा नेता ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस कांग्रेस के ऐतिहासिक अन्याय का प्रायश्चित है

रायगढ़। जनजातीय गौरव दिवस को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। जिला कांग्रेस प्रवक्ता तारेन्द्र डनसेना के आरोपों पर भाजपा जिला महामंत्री विकास केडिया ने तीखा पलटवार करते हुए कहा कि जनजातीय गौरव दिवस भाजपा का कोई राजनीतिक ढोंग नहीं, बल्कि कांग्रेस के सात दशकों के ऐतिहासिक उपेक्षा के दौर का प्रायश्चित है। कांग्रेस ने अपने लंबे शासनकाल में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जैसे महान जननायक को वह राष्ट्रीय पहचान और सम्मान नहीं दिया, जिसके वे वास्तविक हकदार थे।

श्री केडिया ने कहा कि यदि कांग्रेस को भगवान बिरसा मुंडा और जनजातीय समाज के गौरव की इतनी ही चिंता थी, तो आजादी के बाद दशकों तक उनके जन्मदिवस को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित करने की पहल क्यों नहीं की गई? प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस घोषित कर बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान और अदम्य साहस को राष्ट्रीय पहचान दिलाई। यह केवल एक दिवस की घोषणा नहीं, बल्कि देश के जनजातीय नायकों के इतिहास और योगदान को सम्मान देने का ऐतिहासिक कदम है।

भाजपा की राजनीति में जनजातीय नायकों का सम्मान, कांग्रेस के लिए सिर्फ सियासी बयानबाजी। भाजपा महामंत्री ने कहा कि भाजपा की विचारधारा धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जैसे महान क्रांतिकारियों के संघर्ष और आदर्शों से प्रेरित है। जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध संघर्ष करने वाले बिरसा मुंडा ने देश को स्वाभिमान, साहस और अधिकारों की लड़ाई का संदेश दिया। भाजपा उनके आदर्शों को केवल भाषणों तक सीमित नहीं रखती, बल्कि उन्हें राष्ट्रीय चेतना का हिस्सा बनाने का काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को ऐतिहासिक स्वरूप देने के लिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन जी का धर्मजयगढ़ आगमन इस बात का प्रमाण है कि भाजपा जनजातीय महापुरुषों के सम्मान को कितनी गंभीरता से लेती है। दूसरी ओर कांग्रेस के नेता विज्ञापनों और बयानों के जरिए जनजातीय समाज के हितैषी बनने का दिखावा कर रहे हैं।

राष्ट्रपति पद पर आदिवासी महिला को सम्मान, छत्तीसगढ़ की सत्ता में जनजातीय नेतृत्व को अवसर

श्री केडिया ने कहा कि देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद राष्ट्रपति पर जनजातीय समाज की महिला द्रौपदी मुर्मू को आसीन करना हो या छत्तीसगढ़ की सत्ता का नेतृत्व आदिवासी समाज के प्रतिनिधि विष्णुदेव साय को सौंपना, भाजपा ने अपने निर्णयों से सामाजिक सम्मान और प्रतिनिधित्व की मिसाल पेश की है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने दशकों तक आदिवासी समाज को महज वोट बैंक समझकर राजनीति की, जबकि भाजपा ने उन्हें नेतृत्व और निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी देने का काम किया। छत्तीसगढ़ राज्य के गठन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने पृथक छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण कर यहां की जनता की वर्षों पुरानी आकांक्षा को पूरा किया। कांग्रेस अपने लंबे शासनकाल में यह निर्णय नहीं ले सकी।

कांग्रेस को जनजातीय सम्मान पर बोलने से पहले अपना इतिहास देखना चाहिए। कांग्रेस प्रवक्ता तारेन्द्र डनसेना पर निशाना साधते हुए विकास केडिया ने कहा कि जिस पार्टी के पास भगवान बिरसा मुंडा को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिलाने का कोई ठोस ऐतिहासिक उदाहरण नहीं है, वह आज भाजपा को आयोजन और दिखावे का पाठ पढ़ा रही है। कांग्रेस की बेचैनी की असली वजह यह है कि भाजपा जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, अधिकारों और स्वाभिमान को राष्ट्रीय विमर्श के केंद्र में ला रही है।

उन्होंने कहा कि धर्मजयगढ़ में आयोजित होने वाला जनजातीय गौरव दिवस महज एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनजातीय समाज के सम्मान, अस्मिता और स्वाभिमान का उत्सव है। 15 नवंबर को जनता के सामने यह स्पष्ट होगा कि कौन जनजातीय समाज के सम्मान की बात केवल बयानों में करता है और कौन उसे धरातल पर प्रतिष्ठा दिलाने का काम करता है।

advertisement advertisement advertisement advertisement advertisement
Back to top button
error: Content is protected !!