फॉलोअपब्रेकिंग न्यूज़रायगढ़

खबर का असर : सार्वजनिक नाले पर अतिक्रमण की खबर के बाद हरकत में आया निगम और राजस्व अमला, तहसीलदार ने किया मौके का निरीक्षण..समता कॉलोनी की बाउंड्रीवॉल के पीछे कथित अतिक्रमण का मामला; प्रारंभिक जांच में निजी भूमि के साथ नजूल और नाले की जमीन पर भी कब्जे के संकेत..अब कार्रवाई पर टिकी निगाहें.. ” लगभग साढ़े 3 डिसमिल जमीन पर कब्जे का प्रयास , जल्द कराएंगे सीमांकन – तहसीलदार”

समता कॉलोनी की बाउंड्री का पीछे की तरफ विस्तार भी शक के दायरे में ..

रायगढ़। सार्वजनिक नाले को पाटकर अतिक्रमण किए जाने के मामले को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद आखिरकार नगर निगम और राजस्व विभाग का अमला हरकत में आ गया है। नया जगतपुर के वार्ड क्रमांक 04 में समता कॉलोनी की बाउंड्रीवॉल के पीछे स्थित नाले और आसपास की जमीन पर कथित कब्जे के मामले में निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय एवं तहसीलदार शिव डनसेना ने स्वस्फूर्त संज्ञान लेते हुए स्थल का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान तहसीलदार शिव डनसेना के साथ क्षेत्र के राजस्व निरीक्षक, पटवारी सहित राजस्व विभाग के अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों की इस संयुक्त मौजूदगी को सार्वजनिक भूमि पर कथित अतिक्रमण के मामले में प्रशासनिक गंभीरता के रूप में देखा जा रहा है।

प्रारंभिक जांच में नजूल और नाले की भूमि पर कब्जे के संकेत ! 

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मौके की प्रारंभिक जांच में केवल निजी भूमि का मामला ही नहीं, बल्कि नजूल भूमि और सार्वजनिक नाले की जमीन पर भी कब्जा किए जाने की बात सामने आई है। यदि जांच में इसकी आधिकारिक पुष्टि होती है तो मामला और गंभीर हो सकता है। ऐसे में अब राजस्व अभिलेखों, भूमि की वास्तविक सीमाओं और नाले के मूल स्वरूप का मिलान कर वस्तुस्थिति स्पष्ट करना प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण होगा।

खबर के बाद अधिकारियों की सक्रियता, अब कार्रवाई का इंतजार गौरतलब है कि इस मामले में सार्वजनिक नाले को मिट्टी से पाटकर जल निकासी के प्राकृतिक रास्ते को प्रभावित किए जाने की आशंका जताई गई थी। मामला सामने आने के बाद निगम आयुक्त और तहसीलदार शिव डनसेना द्वारा स्वयं मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया जाना इस बात का संकेत है कि शिकायत को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने मोबाइल पर बातचीत के दौरान स्पष्ट किया कि प्रारंभिक स्तर की जांच में लगभग साढ़े तीन डिसमिल जमीन पर अवैध कब्जे का प्रयास करते पाया गया है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि किसके द्वारा यहाँ समतलीकरण कार्य कराया जा रहा है इसका पता फिलहाल नही चल सका है और जल्द ही इस भूखंड का विधिवत सीमांकन कराया जायेगा ताकि वास्तविक स्थिति पता चल सके और यदि उस दौरान किसी का भी अवैध कब्जा अथवा निर्माण पाया जायेगा तो फिर बेदखली कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी। बता दे कि खसरा नंबर 72/4 कुल रकबा 0.04 हेक्टेयर अथवा 9.88 डिसमिल भूमि संदीप कुमार बनर्जी (निजी हक की भूमि) के नाम पर दर्ज है किंतु स्थल निरीक्षण के दौरान करीब 13 डिसमिल भूमि भी समतलीकरण कार्य कराया जाना पाया गया है।

हालांकि, मौके के निरीक्षण के बाद अब सबसे अहम सवाल यह है कि जांच में यदि सार्वजनिक नाले और नजूल भूमि पर अवैध कब्जे की पुष्टि होती है तो जिम्मेदारों के विरुद्ध क्या कार्रवाई की जाएगी? क्या अतिक्रमित भूमि को कब्जामुक्त कराकर नाले के मूल स्वरूप को बहाल किया जाएगा? स्थानीय बाशिंदों ने तो नाम न बताने की शर्त पर मीडिया को यह भी बताया कि समता कॉलोनी की बाउंड्री वॉल भी पीछे की तरफ नाले अथवा नजूल भूमि को अतिक्रमित कर बनाई गई है।

सार्वजनिक संपत्ति पर कब्जे के मामले में अब ठोस कार्रवाई की दरकार शहर के सार्वजनिक नाले और सरकारी जमीन किसी की निजी जागीर नहीं हो सकते। इनकी सुरक्षा और संरक्षण प्रशासन की जिम्मेदारी है। नया जगतपुर के इस मामले में अधिकारियों की सक्रियता के बाद स्थानीय नागरिकों को उम्मीद है कि जांच केवल मौका मुआयना और कागजी प्रक्रिया तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि यदि अवैध कब्जा प्रमाणित होता है तो नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले में प्रशासनिक जांच और आगामी कार्रवाई पर शहरवासियों की निगाहें टिकी हुई हैं।

advertisement advertisement advertisement advertisement advertisement
Back to top button
error: Content is protected !!