सलमान खान को फिर मिली धमकी… मैसेज आया – ‘बाबा सिद्दकी से भी बुरा हाल होगा…’ सलमान की सुरक्षा बढ़ाई गई..

बॉलीवुड स्टार सलमान खान को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिली है। इस बार मुंबई ट्रैफिक पुलिस को एक संदेश मिला है, जिसमें लॉरेंस बिश्नोई गैंग के साथ लंबे समय से चली आ रही दुश्मनी को खत्म करने के बदले पांच करोड़ रुपये मांगे गए हैं। खुद को बिश्नोई गैंग का सदस्य बताने वाले ने मैसेज में धमकी दी है कि अगर उसकी बात को हल्के में लिया गया तो सलमान खान का हाल बाबा सिद्दकी से भी बुरा होगा। मुंबई पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मुंबई ट्रैफिक पुलिस के वॉट्सऐप नंबर पर ये धमकी भरा संदेश आया है। जिसके बाद मुंबई पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है। एनसीपी (अजित पवार गुट) नेता बाबा सिद्दकी की हत्या के बाद सलमान खान की सुरक्षा पहले ही बढ़ा दी गई है।
पिछले कुछ समय से अभिनेता सलमान खान को जान से मारने की कई साजिशों का खुलासा हुआ है। उनके बांद्रा स्थित घर पर गोलियां चलाई गईं। सलमान को मारने की फिराक में आए शूटर्स पुलिस के हत्थे चढ़े। सभी मामलों में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का नाम सामने आया है। गुरुवार 17 अक्तूबर को मुंबई पुलिस ने हरियाणा पुलिस के साथ एक जॉइंट ऑपरेशन में बिश्नोई गैंग के शूटर सुक्खा को गिरफ्तार किया था। उसे नवी मुंबई लाकर कोर्ट में पेश किया। सुक्खा पर सलमान की हत्या की साजिश रचने का आरोप है, उसे भी बिश्नोई गैंग का शार्प शूटर बताया जाता है।