
रायगढ़/सारंगढ़ । छत्तीसगढ़ में आने वाले त्योहारी सीजन में पटाखा व्यापारियों पर जीएसटी की इस बार पैनी नजर रहने वाली है, क्योंकि विभाग के पास इस तरह के इनपुट है कि पटाखा व्यापारियों द्वारा अपना टर्नओवर छुपाया जा रहा है जिसमें रायगढ़ से एक बड़े पटाखा कारोबारी और सारंगढ़ के एक कारोबारी का नाम शामिल है।
अब दशहरा और दीवाली जैसे बड़े त्योहार आने वाले हैं, जिससे अब बाजारों में जल्द ही पटाखे की दुकानें भी देखने को मिलेंगी। सूत्रों से मिली जानकारी की मानें तो इसी बीच जीएसटी डिपार्टमेंट के पास इस तरह के इनपुट है कि कल्लूमल फर्म, खरसिया (रायगढ़) और सारंगढ़ जिले में व्यापार करने वाले एक नामी पटाखा कारोबारी टैक्स देते समय तो मुनाफा काफी कम दिखाते हैं, लेकिन जब यही पटाखे बाजार में आते हैं तो उस समय इन का रेट काफी ज्यादा रहता है। ऐसे में अब जीएसटी डिपार्मेंट पटाखा व्यापारियों पर कड़ी नजर रखने जा रहा है।
टैक्स चोरी से राजस्व को हो रहा नुकसान : बता दें कि पुराने स्लैब में पटाखे 28% जीएसटी के अंतर्गत आते हैं। ऐसे में पटाखा व्यापारियों द्वारा अपना रेवेन्यू छुपाकर प्रदेश में टैक्स चोरी कर राजस्व को नुकसान पहुंचाया जा रहा है, लेकिन इस बार जीएसटी डिपार्टमेंट ने अभी से दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। वही हमारे सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक सारंगढ़ के उक्त कारोबारी का भूमिगत गोदाम भी है जिसमें स्वीकृत स्टॉक से कई गुना ज्यादा भंडारण किया जाता है…?



