रायगढ़

ग्राहक बनकर पहुंचा पुलिस का पाइंटर.. संकेत मिलते ही केलो विहार में रेड..देह व्यापार के अनैतिक धंधे का कथित संचालक गोविंद साहू गिरफ्तार…

ऑपरेशन अंकुश के तहत चक्रधरनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, किराये के मकान में युवती से अनैतिक देह व्यापार कराए जाने का आरोप; मौके से 2 हजार रुपये नकद और मोबाइल जब्त

रायगढ़। शहर के केलो विहार इलाके में किराये के मकान में कथित रूप से संचालित अनैतिक देह व्यापार का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। सुनियोजित तरीके से की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने पहले ग्राहक बनाकर एक पाइंटर को मकान के भीतर भेजा। पाइंटर से निर्धारित संकेत मिलते ही पुलिस की संयुक्त टीम ने मकान की घेराबंदी कर दबिश दी। मौके से कथित संचालक गोविंद साहू (52 वर्ष), निवासी बोईरदादर विजयपुर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 2 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

मुखबिर की सूचना पर बिछाया जाल..पाइंटर के संकेत पर हुई कार्रवाई

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 18 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बोईरदादर विजयपुर निवासी गोविंद साहू ने केलो विहार में गोपीनाथ मेहर का मकान किराये पर लिया है, जहां युवतियों के माध्यम से अनैतिक देह व्यापार संचालित किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन तथा सीएसपी राहुल उईके के नेतृत्व में चक्रधरनगर पुलिस की टीम गठित की गई। पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए एक पाइंटर को ग्राहक बनाकर संबंधित मकान में भेजा। अंदर से निर्धारित संकेत मिलते ही पुलिस टीम ने मकान को चारों ओर से घेर लिया और तत्काल दबिश दी।

कमरे में मिली युवती..पूछताछ में सामने आईं अहम बातें

पुलिस की तलाशी के दौरान मकान में गोविंद साहू मौजूद मिला। वहीं, एक कमरे में एक युवती और कुछ आपत्तिजनक वस्तुएं बरामद होने की जानकारी पुलिस ने दी है। युवती से पूछताछ में कथित तौर पर आरोपी द्वारा रुपये देकर उसे अनैतिक गतिविधि के लिए लाने की बात सामने आई। वहीं, आरोपी ने पूछताछ में पैसों की आवश्यकता के चलते इस गतिविधि में शामिल होने की बात स्वीकार की है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ग्राहकों से प्राप्त 2,000 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन जब्त किया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर थाना चक्रधरनगर में अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4, 5 एवं 7 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

एसएसपी शशिमोहन का सख्त संदेश : महिलाओं के शोषण पर होगी कठोर कार्रवाई

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया है कि रायगढ़ जिले में किसी भी प्रकार की अवैध एवं अनैतिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।

उन्होंने कहा कि अनैतिक देह व्यापार, मानव तस्करी और महिलाओं के शोषण जैसी गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों पर पुलिस की सतत निगरानी है। ऐसे मामलों में कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की है कि अपने आसपास किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

इन पुलिसकर्मियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका

एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन एवं एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन में सीएसपी राहुल उईके के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा, उपनिरीक्षक गेंदलाल, उपनिरीक्षक संजय नाग, साहू, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक हर्ष चंद्राकर, मनीषा ध्रुवे, सहायक उपनिरीक्षक भागीरथी चौधरी, आरक्षक चंद्र कुमार बंजारे, महिला आरक्षक जेनिपा पन्ना एवं महिला आरक्षक प्रीति यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हल्लाबोल न्यूज | रायगढ़, छत्तीसगढ़

 

advertisement advertisement advertisement advertisement advertisement
Back to top button
error: Content is protected !!