


रायगढ़। आज शनिवार 13 मई को कर्नाटक में 224 विधानसभा सीटों पर मतगणना चल रही है। शुरूआती रुझानों में कांग्रेस जीत का जादूई आंकड़ा पार कर चुकी है जिसके बाद देश भर में कांग्रेस पार्टी द्वारा जीत का जश्न मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में कांग्रेस शासित राज्य छत्तीसगढ़ में भी मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया जा रहा है। कर्नाटक में कांग्रेस की भारी बढ़त पर रायगढ़ नगर निगम महापौर श्रीमती जानकी काटजू भी आज पूरे जोशो खरोश में नजर आई और अपने कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को लेकर शहर की सड़कों पर ढोल नगाड़े के साथ निकल पड़ी। इस दौरान उन्होंने कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस की जीत ऐतिहासिक है। विकास के एजेंडे पर कांग्रेस को वोट मिला है।
इस दौरान श्रीमति काटजू अपने लाव लश्कर के साथ पहले कलेक्टर बंगले के निकट स्थित शहर के संकट मोचन हनुमान मंदिर पहुंची और वहां सामूहिक पूजा अर्चना करने के बाद पूरे शहर में गाजे बाजे के साथ पैदल मार्च करते हुए अपने कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों को प्रसाद और मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाती नजर आई।