हीरा गोदावरी इस्पात प्लांट में भयानक हादसा…6 श्रमिक की मौत..दर्जन भर श्रमिकों गंभीर रूप से घायल..कई की स्थिति नाजुक.. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जताया दुख..

रायपुर। सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक निर्माणाधीन प्लांट में बड़ा हादसा हो गया है। पिलेट्स बनाने वाली यूनिट के निर्माण के दौरान अचानक एक भारी स्लैब (सिल्ली) गिरने से अब तक 6 मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि दर्जनों मजदूर मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। एनडीआरएफ और दमकल कर्मियों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। अब तक 6 शवों को निकाला गया, जिन्हें श्री नारायणा अस्पताल भेजा गया है। वहीं आधा दर्जन से अधिक घायल मजदूरों को रायपुर के देवेंद्र नगर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, निर्माण स्थल पर करीब एक दर्जन मजदूर कार्यरत थे, तभी अचानक ऊपरी हिस्से की सिल्ली गिर पड़ी। मजदूरों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
मुख्यमंत्री ने जताया दुख
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों की आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासन को तत्काल राहत एवं बचाव कार्य तेज़ करने के निर्देश दिए गए हैं।




