गदगांव के हर्राडीह में फ्लाईऐश का ‘काला खेल’ ! ट्रांसपोर्टर अजय साहू पर सरकारी, आबंटित और निजी जमीन पर अवैध डम्पिंग का आरोप, NGT नियमों की खुलेआम उड़ रही धज्जियां ..

रायगढ़। गदगांव ग्राम पंचायत के हर्राडीह क्षेत्र में फ्लाईऐश डम्पिंग को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। आरोप है कि फ्लाईऐश ट्रांसपोर्टर अजय साहू द्वारा NGT के नियमों को दरकिनार करते हुए सरकारी जमीन, आबंटित भूमि और निजी जमीनों पर अवैध रूप से फ्लाईऐश डम्प किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक लगातार हो रही डम्पिंग से इलाके में राखड़ का विशाल पहाड़ खड़ा हो गया है। तेज हवा चलने पर फ्लाईऐश उड़कर आसपास के गांवों में फैल रही है, जिससे वातावरण प्रदूषित हो रहा है और लोगों के स्वास्थ्य पर भी खतरा मंडरा रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि लगभग दो माह पहले शिकायत मिलने पर RI और पटवारी ने मौके पर पहुंचकर सीमांकन किया था। जांच के दौरान यह स्पष्ट पाया गया कि कई जगहों पर सरकारी और निजी भूमि पर अवैध कब्जा कर फ्लाईऐश डाला गया है। इसके बावजूद अब तक ट्रांसपोर्टर अजय साहू के खिलाफ किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन की चुप्पी से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।
ग्रामीणों के प्रमुख आरोप
सरकारी जमीन पर अवैध फ्लाईऐश डम्पिंग।
निजी एवं आबंटित भूमि पर कब्जे का आरोप।
NGT नियमों की अनदेखी ।
प्रदूषण से प्रभावित हो रहा गांव का वातावरण ।
जांच के बावजूद कार्रवाई नहीं ।




