व्यापारिक प्रतिद्वंद्विता या सुनियोजित साजिश ? ‘महाबली प्री-कास्ट वॉल’ के विज्ञापनों पर पोती गई कालिख.. कई स्थानों पर तोड़फोड़ से कारोबारियों में आक्रोश..

रायगढ़ (हल्लाबोल न्यूज)। शहर में व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा अब कथित तौर पर “गंदे खेल” में बदलती नजर आ रही है। रायगढ़ की चर्चित निर्माण सामग्री कंपनी ‘महाबली प्री-कास्ट वॉल’ के प्रचार-प्रसार के लिए लगाए गए विज्ञापन बोर्डों और दीवारों पर अज्ञात लोगों द्वारा कालिख पोतने और कई स्थानों पर तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद व्यापारिक जगत में नाराजगी और चिंता का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, शहर और आसपास के क्षेत्रों में कंपनी द्वारा लगाए गए प्रचार बोर्डों को रात के अंधेरे में निशाना बनाया गया। कहीं विज्ञापनों पर काला रंग पोत दिया गया, तो कहीं दीवारों और डिस्प्ले संरचनाओं को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। इस हरकत को व्यवसायिक छवि खराब करने की सुनियोजित कोशिश माना जा रहा है।
“प्रतिस्पर्धा नहीं, दुर्भावना की राजनीति”
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि स्वस्थ प्रतिस्पर्धा किसी भी बाजार व्यवस्था का हिस्सा होती है, लेकिन किसी प्रतिष्ठान की साख बिगाड़ने के लिए इस तरह की हरकतें करना न केवल आपराधिक मानसिकता को दर्शाता है, बल्कि व्यापारिक माहौल को भी दूषित करता है।
सूत्रों के मुताबिक, कंपनी प्रबंधन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराने की तैयारी शुरू कर दी है। कई स्थानों के CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, जिससे आरोपियों की पहचान की जा सके।

कारोबारियों में बढ़ी चिंता
घटना के बाद शहर के अन्य कारोबारी भी चिंतित हैं। उनका कहना है कि यदि इस प्रकार की घटनाओं पर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो भविष्य में किसी भी प्रतिष्ठान को निशाना बनाया जा सकता है।
पुलिस जांच में जुटी
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे CCTV कैमरों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोषियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जायेगी।




