हर्राडीह में फ्लाईऐश का काला खेल बेनकाब ! संबंधित उद्योगों व ट्रांसपोर्टर्स की कुंडली तैयार कर रहा है प्रशासन..अवैध डम्पिंग पर प्रशासन सख्त, कार्रवाई के संकेत.. “सटीक सूचना मिलने पर होगी कड़ी कार्रवाई” — कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी

रायगढ़। गदगांव के हर्राडीह गांव में फ्लाईऐश डम्पिंग का मामला अब प्रशासनिक स्तर पर भी गंभीर होता नजर आ रहा है। सरकारी, आबंटित और निजी जमीन पर अवैध तरीके से फ्लाईऐश डाले जाने के आरोपों के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि ट्रांसपोर्टर अजय साहू द्वारा लगातार नियमों की अनदेखी करते हुए डम्पिंग की जा रही है, जिससे पर्यावरण और खेती प्रभावित हो रही है।
रायगढ़ कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा है कि यदि प्रशासन को कहीं से भी सटीक और प्रमाणिक सूचना मिलती है, तो संबंधित उद्योग और ट्रांसपोर्टर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि NGT के नियमों का पालन अनिवार्य है और पर्यावरण से खिलवाड़ किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ग्रामीणों ने स्थानीय मीडिया के माध्यम से प्रशासन से मौके पर जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय बाशिंदों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई ? तो आने वाले दिनों में यह समस्या और गंभीर हो सकती है और लोगों के स्वास्थ्य के साथ साथ यहां का इकोसिस्टम भी खतरे में है। फिलहाल पूरे मामले पर प्रशासन की नजर बनी हुई है और अब स्थानीय बाशिंदों को प्रशासनिक कार्यवाही का इंतजार है।




