जिला जेल में बंदी की संदेहास्पद परिस्थिति में मौत..इसी 30 अप्रैल से जेल में निरुद्ध था मृतक.. मृतक के भाई ने तमनार पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप… मृतक से जेल में मारपीट की भी खबर : अपुष्ट सूत्र ।

रायगढ़ । जिला जेल में बंद एक विचाराधीन बंदी की सोमवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान तमनार के कटरा पाली निवासी सुरेश रात्रे (38) के रूप में हुई है। सुरेश को तमनार पुलिस ने 30 अप्रैल को आबकारी एक्ट के तहत गिरफ्तार कर जेल भेजा था। जेल से अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
जेल प्रबंधन के मुताबिक मृतक सुरेश रात्रे शराब का अत्यधिक आदी था। जेल जाने के बाद अचानक सेवन बंद होने से उसकी शारीरिक और मानसिक स्थिति बिगड़ने लगी थी। शनिवार को जेल डॉक्टर ने उसे दवाइयां देकर उच्च उपचार की सलाह दी थी। सोमवार सुबह जब उसकी हालत अधिक बिगड़ी, तो उसे एम्बुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जिस वक्त सुरेश को एम्बुलेंस से अस्पताल ले जाया जा रहा था, उस समय उसकी पत्नी और भाई मुलाकात के लिए जेल में पर्ची कटवाकर इंतजार कर रहे थे। उन्हें इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि जिस एम्बुलेंस को वे निकलते देख रहे हैं, उसमें सुरेश अंतिम सांसें ले रहा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कम शराब को ज्यादा दिखाकर बनाया झूठा केस : मृतक का भाई
मृतक के भाई नरेश रात्रे ने आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस ने कम मात्रा में शराब पकड़ी थी, लेकिन जेल भेजने के लिए ज्यादा मात्रा दिखाकर झूठा केस बनाया गया। परिजनों ने जेल के भीतर प्रताड़ना की आशंका जताई है और मामले की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच की मांग की है। वर्तमान में पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
वही अपुष्ट सूत्रों से मिली जानकारी की मानें तो मृतक सुरेश रात्रे से जेल के भीतर भी कुछ बंदियों द्वारा मारपीट किए जाने की खबर है इस दौरान मृतक के एक पैर के अंगूठे का नाखून बुरी तरह ज़ख्मी हो गया था ऐसे में इस बात की भी आशंका से इंकार नही किया जा सकता है कि मारपीट की इस कथित घटना के दौरान मृतक को कहीं गंभीर अंदरूनी चोट लग गई हो…?
डॉक्टरों ने बताया शराब पीने का आदी था युवक गुरुवार की शाम सुरेश आबकारी एक्ट में जेल दाखिल हुआ था। शनिवार को उसकी तबीयत खराब होने पर डॉक्टर से चेकअप कराया गया, जिसमें डॉक्टर ने बताया कि वह शराब पीने का आदी है, शराब नहीं मिलने से अजीब हरकतें कर रहा है। इसके बाद डॉक्टर ने उसे दवाई दी थी। सोमवार को उसे अस्पताल में भर्ती कराने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही सुबह उसकी तबीयत बिगड़ी। आनन-फानन में अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। जीएस शॉरी, जेल अधीक्षक, रायगढ़




