भाजपा जिला महामंत्री विकास केडिया ने किया ‘हैंडलूम हैंडीक्राफ्ट ट्रेड फेयर’ का शुभारंभ…ढिमरापुर में स्वदेशी कला, संस्कृति और हस्तशिल्प का अनूठा संगम.. गणेश पूजन के साथ हुआ भव्य शुभारंभ….

रायगढ़। शहर के ढिमरापुर क्षेत्र में होंडा शोरूम के सामने आयोजित ‘हैंडलूम हैंडीक्राफ्ट ट्रेड फेयर’ का भव्य शुभारंभ पारंपरिक धार्मिक विधि-विधान और उत्साहपूर्ण माहौल के बीच किया गया। “स्वावलम्बी भारत और आत्मसम्मान की पहचान” थीम पर आधारित यह विशाल पारिवारिक प्रदर्शनी भारतीय हस्तशिल्प, हथकरघा और लोक संस्कृति का अद्भुत संगम बनकर उभरी है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विकास केडिया, पार्षद अमृत काटजू एवं अय्यूब अली की गरिमामयी उपस्थिति में मेले का उद्घाटन संपन्न हुआ। इस अवसर पर भाजयुमो जिला मंत्री अंकित मिश्रा, मंडल भाजयुमो अध्यक्ष खगेश देवांगन, भाजयुमो नेता अमन वैष्णव एवं भाजपा कार्यकर्ता रेमंत बहादुर सहित बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत प्रथम पूजनीय भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना और आरती के साथ हुई। इसके बाद अतिथियों ने फीता काटकर प्रदर्शनी का औपचारिक शुभारंभ किया। उद्घाटन के दौरान पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
आयोजकों ने बताया कि मेले का उद्देश्य आम लोगों को देश के विभिन्न राज्यों की प्रसिद्ध हस्तशिल्प और हथकरघा उत्पादों को एक ही स्थान पर किफायती दरों में उपलब्ध कराना है। साथ ही यह आयोजन भारतीय कारीगरों और पारंपरिक कला को प्रोत्साहन देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल है।
एक ही छत के नीचे पूरे भारत की झलक
प्रदर्शनी में देशभर के प्रसिद्ध हस्तनिर्मित उत्पाद आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। यहाँ मेरठ की लोकप्रिय खादी शर्ट-पैंट और खादी बेडशीट्स, बंगाली, बनारसी और भागलपुरी साड़ियों का शानदार संग्रह महिलाओं को खूब लुभा रहा है। वहीं झांसी और पिलखुवा की आकर्षक बेडशीट्स भी लोगों की पसंद बन रही हैं।
कला प्रेमियों के लिए सहारनपुर की नक्काशीदार लकड़ी की कलाकृतियाँ और खुर्जा की प्रसिद्ध क्रॉकरी विशेष आकर्षण का केंद्र हैं। फैशन प्रेमियों के लिए बॉम्बे के फैंसी टॉप्स, लेटेस्ट डिजाइनर ज्वेलरी और जयपुर की पारंपरिक चूड़ियों के स्टॉल लगाए गए हैं। इसके अलावा स्वास्थ्य के प्रति जागरूक लोगों के लिए शुद्ध आदिवासी जड़ी-बूटियाँ भी उपलब्ध हैं। ढिमरापुर के मुख्य मार्ग पर आयोजित इस ट्रेड फेयर में पहले ही दिन से भारी भीड़ देखने को मिली। बड़ी संख्या में लोग यहाँ खरीदारी के साथ भारतीय कारीगरों के हुनर और संस्कृति से रूबरू हो रहे हैं।
स्वदेशी उत्पादों को मिल रहा बढ़ावा
यह प्रदर्शनी केवल व्यापारिक आयोजन नहीं, बल्कि “वोकल फॉर लोकल” और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने की दिशा में एक सार्थक प्रयास भी मानी जा रही है। स्थानीय नागरिकों ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे रायगढ़ के लिए आकर्षण का नया केंद्र बताया है।




